श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में शनिवार को थाना सिरसिया में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से फरियादियों के साथ नम्र व्यवहार करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को केवल सुनने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने खास तौर पर बालिकाओं और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का संज्ञान लेते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद फरियादी को फोन या अन्य माध्यम से इसकी जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई के बारे में पता चल सके। उन्होंने शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप लोगों को प्रभावी तरीके से न्याय दिलाने पर जोर दिया।
समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान, थानाध्यक्ष सिरसिया सौरभ सिंह, नायब तहसीलदार शुभम तिवारी, राजस्व निरीक्षक, बीट निरीक्षक, बीट कांस्टेबल समेत अन्य अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।





















