सरोजनीनगर, लखनऊ। अयोध्या जिले की सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ के आह्वान पर शनिवार को प्रदेश की सभी 351 तहसीलों में लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। इसी क्रम में सरोजनीनगर तहसील में भी लेखपालों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया और कार्य बहिष्कार किया।
संघ का आरोप है कि अयोध्या प्रकरण में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई में गंभीर अनियमितताओं की आशंका है। संघ ने कार्रवाई को गलत और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि 20 अगस्त को लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ की गई ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि और संभावित रंजिश की जांच की जानी चाहिए थी। उन्होंने मामले से जुड़े वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कराने की मांग उठाई।
सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का फ्रंटलाइन कर्मचारी है और गांव-गांव जाकर पैमाइश, अतिक्रमण तथा भूमि विवाद जैसे मामलों का निस्तारण करता है। उनका कहना है कि कई बार अवैध कार्य से इनकार करने पर रंजिश के चलते झूठी शिकायतें भी की जाती हैं। संघ का कहना है कि बिना पर्याप्त जांच के ट्रैप कार्रवाई होने से ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों में भी भय का माहौल पैदा हो रहा है। लेखपालों ने स्पष्ट किया कि वे भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करते, लेकिन निर्दोष कर्मचारियों को फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संघ ने मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच, कार्रवाई में खामी मिलने पर उसे निरस्त करने तथा शिकायत दुर्भावनापूर्ण पाए जाने पर संबंधित टीम के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। साथ ही लेखपालों के सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। धरने में पूर्व अध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, नीतू यादव, आशीष कुमार, अमृतांजलि सिंह, विश्राम, सतेन्द्र कुमार, ललितेश सिंह, बृजभान सिंह, आशीष अवस्थी और ओम प्रकाश गोंड समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।





















