लखनऊ। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। लखनऊ समेत प्रदेश में महिलाओं को 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक रोडवेज और सिटी बसों में बिना किराया यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। करीब 66 घंटे तक चलने वाली इस सुविधा के दौरान महिलाओं को जीरो मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा।
इस बार खास बात यह है कि महिला के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। त्योहार पर बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके जाने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।
लखनऊ में यात्रियों की सुविधा के लिए 7 प्रमुख मार्गों पर 115 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन दुबग्गा डिपो से विभिन्न रूटों पर किया जाएगा। इसके अलावा रक्षाबंधन के दिन यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 5 नई एसी बसें भी शुरू की जा रही हैं। इन बसों का संचालन 27 अगस्त से शुरू होगा।
नई एसी बसों में दो बसें आलमबाग-प्रयागराज, दो आलमबाग-वाराणसी और एक बस कैसरबाग-बहराइच मार्ग पर चलेगी। ये बसें अवध बस डिपो की होंगी और आलमबाग व कैसरबाग से संचालित की जाएंगी। ऐसे में रक्षाबंधन पर घर जाने वाली महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा के साथ अतिरिक्त बसों की सुविधा भी सफर को थोड़ा आसान बनाने में मदद करेगी।




















