औरैया। अजीतमल कस्बे के अनंतराम क्षेत्र के सोनासी गांव में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कच्चे मकान के अंदर अचानक फर्श की जमीन धंस गई। इसी दौरान 17 वर्षीय शिवम पानी की बाल्टी लेकर घर के अंदर जा रहा था और देखते ही देखते गहरे गड्ढे में समा गया। उसकी चीख सुनकर परिजन दौड़े और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
गड्ढे तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं मिलने पर परिजनों ने घर की दूसरी तरफ की कच्ची दीवार तोड़ दी। इसके बाद काफी मशक्कत करके शिवम को बाहर निकाला गया। किशोर के सुरक्षित बाहर आने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण भी जमीन धंसने से बने गहरे गड्ढे को देखकर हैरान रह गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, जमीन धंसने के बाद बने गड्ढे की गहराई करीब 20 से 30 फीट होने का अनुमान है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिवम को बाहर नहीं निकाला जाता तो उसकी जान भी जा सकती थी। घटना के बाद परिवार और आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल है।
शिवम के पिता जितेंद्र कुमार परचून की छोटी दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार का मकान कच्चा है। जितेंद्र का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए वह कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र और जरूरी दस्तावेज दे चुके हैं, लेकिन अब तक आवास नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से जमीन धंसने की जांच कराने के साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पात्रता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। तहसीलदार अविनाश कुमार ने बताया कि जानकारी मिलते ही लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















