बाराबंकी। आगामी 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को जनपद न्यायालय परिसर से बैंक कार रैली निकाली गई। जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के जरिए लोगों को लोक अदालत में अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए भाग लेने के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण अल्पना सक्सेना, प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय वंदना, अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी श्रीकृष्ण चंद्र सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उज्ज्वल उपाध्याय समेत अन्य न्यायिक अधिकारी और अग्रणी जिला प्रबंधक मौजूद रहे। बैंक कार रैली के माध्यम से विभिन्न बैंकों से जुड़े मामलों और लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में आमजन तक जानकारी पहुंचाई जाएगी।
जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि लंबित या प्री-लिटिगेशन मामलों को आपसी सुलह-समझौते के जरिए निपटाने का यह एक सरल और प्रभावी माध्यम है। इससे पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है और विवादों का समाधान होने के साथ आपसी संबंध भी बेहतर बने रहते हैं।
कार रैली के बाद जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित कर लोक अदालत में प्रभावी तरीके से निस्तारित कराने के निर्देश दिए। न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।





















