मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के चैन का थोक मोहल्ले में 7 साल के मासूम बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक बच्चे के साथ मारपीट करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित बच्चे की मां प्राची के अनुसार, 25 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे मोहल्ले में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उनके 7 वर्षीय बेटे नीरज और पड़ोसी राजू पुत्र हाकिम सिंह के बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद राजू ने नीरज को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पहले बच्चे को थप्पड़ मारा गया और फिर उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया गया। इसके बाद आरोपी ने बच्चे के साथ लात-घूंसों से भी मारपीट की। मारपीट की इस घटना में नीरज के सिर, चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पवन ने बच्चे को आरोपी से बचाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि लोगों के बीच-बचाव करने के बाद राजू गाली-गलौज करते हुए मौके से चला गया और उन्हें धमकी भी दी। घटना के बाद बच्चे के परिजनों ने बरसाना थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मथुरा से रोहित कुमार की खास रिपोर्ट





















