बहराइच: खैरीघाट थाना क्षेत्र के थैलियां गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव की रहने वाली करीब 60 वर्षीय गायत्री देवी पैदल कहीं जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बुजुर्ग महिला सड़क किनारे गिरकर घायल हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी खैरीघाट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल गायत्री देवी की स्थिति देखी। इस दौरान पुलिस ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल बुजुर्ग महिला को अपनी गोद में उठाया और इलाज के लिए भर्ती कराया। इसके बाद गायत्री देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शिवपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर वाहनों की तेज आवाजाही के बीच पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी ध्यान देने की जरूरत है। घटना थाना खैरीघाट क्षेत्र की है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















