बहराइच: नेपाल बॉर्डर पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में SSB और पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा के पिलर संख्या 651/11 के पास कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 155 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्कर की पहचान जावेद खान के रूप में हुई है। वह रामगांव थाना क्षेत्र के टेपरहा गांव का निवासी बताया जा रहा है। नेपाल बॉर्डर के पास संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने के बाद SSB और पुलिस की टीम ने निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें स्मैक बरामद होने की बात सामने आई।
मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके पीछे शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। बॉर्डर क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी जावेद खान को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। मामला बहराइच के थाना रूपईडीहा क्षेत्र में नेपाल बॉर्डर से जुड़ा है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















