श्रावस्ती: जिले में बरसात के बीच सड़कों की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। जमुनहा-भिनगा मार्ग पर कानीबोझी चौराहे से परसा होते हुए भिनगा जाने वाले रास्ते पर गजोवरी गांव के पास सड़क जर्जर हालत में पहुंच गई है। नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है, जिससे पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो गया है।
सड़क पर पानी भरने के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जर्जर सड़क की मरम्मत कराने के साथ-साथ पानी की निकासी के लिए नाली बनवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में राहगीरों की परेशानी और बढ़ सकती है।
Report: मनीष श्रीवास्तव






















