बाराबंकी। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर दलसराय के पास मंगलवार को दो रोडवेज बसों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसा दलसराय स्थित एक स्कूल के सामने हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर नीचे जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया।
बताया गया कि कैसरबाग डिपो की बस बहराइच से लखनऊ की ओर जा रही थी, जबकि बाराबंकी डिपो की बस बाराबंकी से टिकट नगर की तरफ जा रही थी। दलसराय के पास दोनों बसें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में वंदना पांडेय (30), राजेश कुमार (57), सूफिया (40), राजकुमारी (60), शिवम (26), संदीप (40), पूजा शर्मा (30) और पांच वर्षीय आर्यन समेत कई यात्री घायल हुए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश कुमार को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरी ओर बस परिचालक अरविंद कुमार शुक्ला (50), रामलली (55), राजकुमारी (54), बस चालक नरेंद्र सिंह (56) और अशोक कुमार (35) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव ले जाया गया। यहां भी एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई। हर कोई अपनों की सलामती को लेकर परेशान नजर आया, लेकिन सबसे दर्दनाक दृश्य मासूम आर्यन की मां पूजा का था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद आर्यन अपनी मां पूजा शर्मा और बहन अनिका के साथ बस से सड़क पर जा गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां पूजा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह बार-बार बेसुध होकर गिर पड़ती रही। अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी इस दृश्य को देखकर नम हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





















