Lucknow Airport News: अबू धाबी से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने विमान के अंदर ही सिगरेट जलाने की कोशिश की। सीट पर बैठे यात्री के सिगरेट जलाते ही धुआं उठने लगा। इस पर महिला क्रू मेंबर ने उसे तुरंत टोका। यात्री ने सिगरेट बुझा दी, लेकिन लखनऊ पहुंचने के बाद इंडिगो कर्मियों ने पूरे मामले की शिकायत सीआईएसएफ से कर दी। इसके बाद सीआईएसएफ ने यात्री को हिरासत में लेकर सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
अबू धाबी से लखनऊ आ रहा था यात्री
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिरवान गांव निवासी अब्दुल अजीज अबू धाबी में मजदूरी करता है। वह बुधवार को इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 1416 से अबू धाबी से लखनऊ आ रहा था। विमान को रात 1:25 बजे अबू धाबी से रवाना होकर सुबह करीब सात बजे लखनऊ पहुंचना था। हालांकि बुधवार को फ्लाइट करीब 8:25 बजे लखनऊ पहुंची।
सीट पर ही जलाने लगा सिगरेट, क्रू मेंबर ने टोका
बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान अब्दुल अजीज ने अपनी सीट पर ही सिगरेट जलाने की कोशिश की। जैसे ही सिगरेट का धुआं उठने लगा, विमान में मौजूद महिला क्रू मेंबर की नजर उस पर पड़ गई। क्रू मेंबर ने यात्री को विमान के अंदर सिगरेट न पीने की हिदायत दी। इसके बाद यात्री ने तुरंत सिगरेट बुझा दी।
लखनऊ पहुंचते ही CISF ने लिया हिरासत में
विमान के लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद इंडिगो कर्मियों ने घटना की जानकारी सीआईएसएफ को दी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआईएसएफ ने अब्दुल अजीज को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इंडिगो एयरपोर्ट सिक्योरिटी इंचार्ज आदित्य शर्मा की ओर से यात्री के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में तहरीर भी दी गई।
गलती मानने के बाद लिखवाया गया माफीनामा
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि यात्री विमान के अंदर सिगरेट पीने के इरादे से उसे जला रहा था, लेकिन महिला क्रू मेंबर के टोकने पर उसने सिगरेट बुझा दी। पूछताछ के दौरान अब्दुल अजीज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक, उससे माफीनामा लिखवाया गया और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया।






















