जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। भिनगा तहसील में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भिनगा तहसील में समाधान दिवस के दौरान कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, इकौना तहसील में 46 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 4 मामलों का मौके पर समाधान किया गया। जमुनहा तहसील में कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण हुआ। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि उनका गंभीरता से परीक्षण कर समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों की समीक्षा संबंधित एसडीएम स्वयं करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और नियमानुसार समस्या का समाधान सुनिश्चित करे। वहीं, अवैध अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों में लापरवाही मिलने पर संबंधित लेखपाल या राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने भी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी की शिकायत सामने आने पर संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान DM-SP के सख्त तेवर साफ नजर आए। दोनों अधिकारियों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






















