जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसिया पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी के निर्देश पर अपराध और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण में 6 सितंबर को सिरसिया पुलिस टीम संदिग्ध लोगों और वस्तुओं की जांच कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामकरन पुरवा जाने वाले मार्ग पर कुछ लोग अवैध कच्ची शराब लेकर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 31 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुजाराम पुत्र जगत राम, निवासी फत्तेपुर, थाना सिरसिया और विनोद कुमार पुत्र मालिक राम, निवासी बदलपुर राजगुरु जुडपानिया, थाना सिरसिया के रूप में की है। दोनों के खिलाफ सिरसिया थाने में मु0अ0सं0 248/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूर्यनाथ सिंह, उपनिरीक्षक राज किशोर गुप्ता, हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप, हेड कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल चंद्र शेखर यादव शामिल रहे।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव





















