जिले के किसानों के लिए रबी फसलों के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया जारी है। कृषि विभाग की ओर से तोरिया, सरसों, अलसी, चना, मटर, मसूर और गेहूं समेत विभिन्न रबी फसलों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसान 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी डा. उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि रबी फसलों के बीजों का लक्ष्य विभाग को प्राप्त हो चुका है। किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर बीजों की बुकिंग करा सकते हैं। यह प्रक्रिया 2 जुलाई से शुरू हुई थी, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से ऑनलाइन बुकिंग करा लें, ताकि सरकारी योजनाओं और बीजों पर मिलने वाले अनुदान का लाभ लिया जा सके।
गेहूं समेत इन फसलों के बीज की बुकिंग
कृषि विभाग के अनुसार जिले में गेहूं के लिए 62,195 पैकेट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें अब तक 9,747 पैकेट की बुकिंग हो चुकी है। सरसों मिनीकिट के 1,200 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 556 पैकेट की बुकिंग हुई है। सरसों बीज के 1,900 पैकेट के लक्ष्य में 43 पैकेट की बुकिंग दर्ज की गई है। चना मिनीकिट (राज्य) के 150 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 142 पैकेट की बुकिंग हुई है। अलसी मिनीकिट के 70 पैकेट में 22 पैकेट की बुकिंग हुई। चना मिनीकिट (केंद्र) के 50 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 56 पैकेट की बुकिंग दर्ज की गई है। वहीं, चना बीज के 219 पैकेट के लक्ष्य में 48 पैकेट की बुकिंग हुई है। मसूर मिनीकिट (राज्य) के 1,275 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 641 पैकेट और मसूर मिनीकिट (केंद्र) के 3,362 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 414 पैकेट की बुकिंग हुई है। मसूर बीज के 18,750 पैकेट के लक्ष्य में अब तक 117 पैकेट की बुकिंग हुई है।
https://x.com/shravastipolice/status/2096924302004347210?s=20
मटर मिनीकिट के 50 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 86 पैकेट और मटर बीज के 20 पैकेट के लक्ष्य में 14 पैकेट की बुकिंग दर्ज की गई है। इसके अलावा तोरिया मिनीकिट के 2,137 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 616 पैकेट तथा तोरिया बीज के 2,891 पैकेट के लक्ष्य के मुकाबले 283 पैकेट की बुकिंग हो चुकी है।
तोरिया बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में तोरिया की बुवाई का समय चल रहा है। किसान ऑनलाइन बुकिंग कर अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार से तोरिया बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, तोरिया मिनीकिट किसानों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि तोरिया बीज और मिनीकिट जिले के सभी राजकीय बीज भंडारों पर उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन बुकिंग पूरी कर योजना का लाभ उठाएं।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव





















