मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पास से 116 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। तलाशी के दौरान महिला के पास से भारतीय और नेपाली मुद्रा के साथ एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 6 सितंबर की रात थाना क्षेत्र के दशहरा बाग में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक महिला को रोका गया। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 116 ग्राम अवैध स्मैक बरामद होने का दावा पुलिस ने किया।
21 हजार रुपये भारतीय और 23,800 नेपाली मुद्रा मिली
गिरफ्तार महिला की पहचान शकीला बीबी पत्नी मो. इस्लाम उर्फ लालबादशाह, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी दशहरा बाग नई बस्ती, थाना रुपईडीहा, बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पास से 116 ग्राम स्मैक के अलावा 21,029 रुपये भारतीय मुद्रा, 23,800 रुपये नेपाली मुद्रा और वीवो V60 मोबाइल फोन बरामद किया है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर थाना रुपईडीहा में मु0अ0सं0 237/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी महिला को न्यायालय बहराइच के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना रुपईडीहा पुलिस की टीम के साथ एसएसबी की एफ-कंपनी, 42वीं वाहिनी नानपारा की टीम शामिल रही। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।





















