प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और 17 सितंबर को उनके जन्मदिन के अवसर पर विशेष बाइक यात्रा अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की।
प्रेस वार्ता के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रवासी तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुभव द्विवेदी और विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री शिवेंद्र विक्रम शाही ने बताया कि अभियान के तहत करीब 250 बाइकों का विशाल काफिला निकाला जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सेवा, समर्पण, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि विशेष बाइक यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान देश की 10 पवित्र नदियों का जल लेकर विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक, यह अभियान देश की सांस्कृतिक विविधता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित करेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल बाइक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन, विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी के युवा भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक जंगबहादुर पटेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित सिंह, शिवम सिंह राठौर, नवनीत मिश्रा, अनुज वर्मा, प्रमोद गोस्वामी, अरुण रावत, सर्वेश अवस्थी, सूरज भान सिंह, सुधाकर सोनी, शिव कुमार यादव, दिनेश सिंह, सूर्यवीर सिंह, हरिकेश दीक्षित, मनीष चौहान और रामजी निषाद सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















