अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मतदाताओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी आगामी चुनाव में अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में अपना बहुमत बरकरार रखने में सफल रहती है, तो देश के हर वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर की रकम दी जाएगी। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये के आसपास बैठती है। ट्रंप ने इस प्रस्ताव को ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह भुगतान अमेरिका की मजबूत अर्थव्यवस्था और देश को मिली आर्थिक सफलता के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रपति ने यह घोषणा डैलस में आयोजित रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के मिडटर्म कन्वेंशन में अपने संबोधन के दौरान की।
रिपब्लिकन की जीत से जोड़ दिया 5 हजार डॉलर का वादा
ट्रंप ने अपने भाषण में साफ तौर पर कहा कि यदि रिपब्लिकन पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट, दोनों में जीत दर्ज करती है तो अमेरिकी नागरिकों को इस रकम का लाभ मिलेगा। उनके मुताबिक, देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के कारण सरकार ऐसा डिविडेंड देने की स्थिति में होगी। ट्रंप ने इसे सीधे चुनावी नतीजों से जोड़ते हुए कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की जीत के साथ अमेरिकी जनता को भी इसका फायदा मिलेगा। उनके इस ऐलान को 2026 के मिडटर्म चुनाव से पहले मतदाताओं को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
ईरान युद्ध और तेल की कीमतों पर भी बोले ट्रंप
अपने संबोधन में ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष और अमेरिका में बढ़ती तेल कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात के बीच तेल के दामों में तत्काल राहत की उम्मीद नहीं है और कीमतों में कमी मिडटर्म चुनाव के बाद देखने को मिल सकती है। ट्रंप ने यह दावा भी किया कि ईरान अब ज्यादा समय तक युद्ध जारी रखने की स्थिति में नहीं है और चुनाव के कुछ ही दिनों बाद संघर्ष समाप्त हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अमेरिकी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप का कहना है कि ईरान चाहता है कि अमेरिका में कमजोर नेतृत्व सत्ता में आए, जिससे उसे अपने परमाणु कार्यक्रम को जारी रखने की छूट मिल सके। राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि चुनाव के बाद हालात तेजी से बदलेंगे और युद्ध समाप्त हो सकता है।





















