सरोजनीनगर, लखनऊ: बंथरा थाना क्षेत्र में अंडे की दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद ने बुधवार रात तूल पकड़ लिया। भाजपा बूथ अध्यक्ष ने एक दरोगा समेत कई पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दरोगा पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने बनी-मोहनलालगंज रोड जाम कर दी। सूचना पर पहुंचे एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। मामले में आरोपी दरोगा सचिन यादव को गुरुवार शाम निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी है।
अंडे की दुकान लगाने को लेकर हुआ विवाद
बंथरा के खसरवारा गांव निवासी अरविंद रावत भाजपा के खसरवारा बूथ अध्यक्ष हैं। अरविंद के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8:30 बजे वह गांव में साहिल पुत्र सारजन की दुकान पर गए थे। वहां शनि देव मंदिर और हनुमान मंदिर के पास अंडे की दुकान लगाए जाने को लेकर साहिल से उनकी कहासुनी हो गई। अरविंद का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर साहिल ने अपने पिता सारजन और भाई राहुल को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
दूसरे पक्ष की तहरीर पर घर पहुंची पुलिस
अरविंद के मुताबिक, उन्होंने घटना की शिकायत लेकर थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच की बात कहते हुए उन्हें वापस भेज दिया। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस जांच के लिए उनके घर पहुंची। अरविंद का आरोप है कि रात करीब 11 बजे दरोगा सचिन यादव कुछ पुलिसकर्मियों के साथ एसएचओ के वाहन से उनके घर पहुंचे। उस समय उनके भाई नरेंद्र, पत्नी नीतू और बच्चे घर पर मौजूद थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और नरेंद्र की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। अरविंद का कहना है कि उनकी पत्नी नीतू नरेंद्र को बचाने पहुंचीं तो दरोगा ने उनके पेट में लात मार दी। इसके बाद पुलिसकर्मी नरेंद्र को पीटते हुए हाईवे की ओर ले जाने लगे। आरोप है कि नरेंद्र किसी तरह वहां से निकलकर ओम प्रकाश पुत्र भगवती प्रसाद के घर में घुस गए।
घर में घुसकर भाई को पीटने का आरोप
अरविंद के अनुसार, दरोगा सचिन यादव और दो पुलिसकर्मी ओम प्रकाश के घर में भी घुस गए और नरेंद्र के साथ मारपीट की। भाई को बचाने पहुंचे अरविंद ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। अरविंद का आरोप है कि विरोध करने पर दरोगा ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया। इससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा।
ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने बनी-मोहनलालगंज रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुल सका।
आरोपी दरोगा निलंबित, जांच जारी
एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि साहिल की तहरीर पर पुलिस टीम मामले की जांच करने गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। हालांकि, अरविंद रावत की ओर से दरोगा पर घर में घुसकर मारपीट करने और पिस्टल तानने के लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम आरोपी दरोगा सचिन यादव को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















