सरोजनीनगर, लखनऊ: सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 के हनुमंत नगर (बदाली खेड़ा) में गुरुवार को इंटरलॉकिंग सड़क और पक्की नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि अशोक पवार के घर के सामने से रामतीर्थ के घर होते हुए हरिद्वार सिंह के घर तक करीब 100 मीटर लंबी और पांच मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के दोनों ओर पक्की नाली भी बनाई जाएगी। इस पूरे कार्य पर महापौर सुषमा खर्कवाल की निधि से करीब 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी। बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियां भी काफी हद तक कम होंगी।
लंबे समय से कच्ची थी सड़क
पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने बताया कि यह सड़क काफी समय से कच्ची हालत में थी। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता था। इसके चलते जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ हो जाता था। उन्होंने बताया कि समस्या केवल बारिश के दौरान ही नहीं रहती थी, बल्कि सामान्य दिनों में भी लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता था। सड़क बनने और दोनों तरफ नाली तैयार होने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण शुरू होने पर लोगों ने जताई खुशी
विकास कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। लोगों ने पार्षद रामनरेश रावत का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें लड्डू खिलाए। इस दौरान क्षेत्र के कई लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में आलोक, हरिद्वार सिंह, सतीश वर्मा, राजेश गुप्ता, आशीष सिंह, कुलदीप शर्मा, विजय शर्मा, सज्जन लाल, पुष्पेंद्र मिश्रा, करुणा शंकर, अशोक पवार, राजू सिंह, प्रिंस, फूलचंद, रितेश, सुनीता शर्मा, राधा देवी और सुशील शर्मा समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
संतोष त्रिपाठी ने क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार और पार्षद रामनरेश रावत के प्रति आभार जताया।





















