बहराइच। शहर के रोडवेज परिसर के पास अवैध रूप से संचालित हो रही प्राइवेट टैक्सियों के विरोध में शुक्रवार को रोडवेज कर्मी आंदोलित हो गए। कर्मचारियों ने सड़क पर बसें खड़ी कर चक्का जाम कर दिया। इससे रोडवेज के आसपास सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
अवैध टैक्सियों को लेकर शुरू हुआ विवाद
रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि परिसर के आसपास बड़ी संख्या में प्राइवेट टैक्सियां अवैध रूप से खड़ी होती हैं। इन टैक्सियों के चलते सरकारी बसों के संचालन और राजस्व पर असर पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति बन गई। बताया गया कि रोडवेज बस से सवारियों को उतारकर उन्हें प्राइवेट टैक्सियों में बैठाने को लेकर कर्मचारियों और टैक्सी चालकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। मामला बढ़ने के बाद रोडवेज कर्मियों ने विरोध जताते हुए बसों को सड़क पर खड़ा कर दिया।
बसें सड़क पर खड़ी कर लगाया जाम
कर्मचारियों के चक्का जाम करने से रोडवेज के बाहर सड़क पर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज कर्मियों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
पुलिस के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
पुलिस ने रोडवेज कर्मियों को आश्वासन दिया कि रोडवेज के पास प्राइवेट टैक्सियों को अवैध रूप से खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और सड़क पर खड़ी बसों को हटा लिया। जाम खुलने के बाद यातायात सामान्य हो सका। यह पूरा मामला बहराइच के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित रोडवेज परिसर का है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















