बहराइच। प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा काल की उपलब्धियों और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को अभियान के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका वास्तविक लाभ दिलाया जाए। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जिम्मेदारियां पूरी करने और अभियान के दौरान किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा।
बैठक में सांसद, विधायक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को लेकर अब तक की तैयारियों की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी। प्रशासन की ओर से अभियान के दौरान जनसहभागिता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।





















