बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित सर्वोदय विद्यालय तीरगांव में उपनिदेशक अमरजीत सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में रात्रि प्रवास कर शैक्षणिक और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कक्षाओं, छात्रावास और कैंटीन का निरीक्षण करने के साथ विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में विद्यालय परिसर, छात्रावास और आसपास के स्थानों पर विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कैंटीन में पहुंचकर विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी देखी। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिली। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या और सामने आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
उपनिदेशक ने विद्यार्थियों की कॉपियां भी देखीं और उनकी शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से भी बच्चों की पढ़ाई को लेकर जानकारी ली और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विद्यालय परिसर में चल रहे बिजली के मेंटेनेंस कार्य का भी उपनिदेशक ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को काम में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए नियमित निगरानी जरूरी है।





















