अर्धनग्न हालत में झाड़ियों में मिला शव; तीन हिरासत में
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में 60 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार सुबह महिला का शव गांव के बाहर एक खाली प्लाट में झाड़ियों के बीच अर्धनग्न अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और किसी अन्य आपराधिक घटना की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी सामने आई हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना में गांव के ही तीन युवकों की भूमिका होने की आशंका है। यह भी चर्चा है कि घटना के समय युवक नशे में थे। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सिर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी और यह भी पता चलेगा कि महिला के साथ किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। संदिग्धों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।




















