अयोध्या। रामनगरी में इन दिनों गणेश उत्सव की धूम है। गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख चौराहों तक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जा रही है। भक्ति गीतों और धूप-दीप से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। 25 सितंबर को अयोध्या में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अयोध्या धाम में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नया घाट पर किया जाएगा, जबकि अयोध्या कैंट क्षेत्र की प्रतिमाओं का विसर्जन गुप्तार घाट स्थित निर्मलीकुंड में होगा। प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग तय किए हैं। श्रद्धालुओं और जुलूसों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विसर्जन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से एक बच्चे की मौत के मामले के बाद अयोध्या प्रशासन भी सतर्क है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के मुताबिक, गणेश पूजा समितियों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि रखने की हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
विसर्जन के दौरान रात होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और विसर्जन जुलूसों की सुरक्षा बनाए रखना है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और ध्वनि संबंधी नियमों का ध्यान रखने की अपील की है, ताकि गणेश प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।





















