अयोध्या। फैजाबाद से तीन बार सांसद और पांच बार विधायक रहे पूर्व सांसद स्वर्गीय मित्रसेन यादव की पत्नी एवं पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव की माता श्यामकली की 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम आनंद नगर भिटारी स्थित श्यामकली बालिका इंटर कॉलेज में हुआ। इस दौरान परिवार के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के साथ हवन-पूजन से हुई। पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इंदूसेन यादव और हैरिंगटनगंज ब्लॉक प्रमुख अंकुरसेन यादव सहित परिवार के सदस्यों ने मां श्यामकली की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को साइकिलें और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, छात्राओं के अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट किए गए। इस पहल के जरिए छात्राओं की मेहनत और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री और सपा नेता आनंदसेन यादव ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय मित्रसेन यादव के राजनीतिक संघर्ष में मां श्यामकली का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि कठिन और संकट के समय में उनकी माता हमेशा पिता के साथ मजबूती से खड़ी रहीं और विषम परिस्थितियों में भी कभी हिम्मत नहीं हारीं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामकृपाल, सपा नेता आनंद सिंह मिंटू, अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ बब्बू सिंह समेत कई गणमान्य लोग और सैकड़ों लोग मौजूद रहे।





















