अयोध्या। अयोध्या कोतवाली के दर्शननगर चौकी क्षेत्र स्थित यश पेपर मिल में एक केमिकल इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इंजीनियर आशीष शिवहरे का शव मिल परिसर में पानी साफ करने वाले केमिकल टैंक में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक आशीष शिवहरे मूल रूप से बांदा के रहने वाले थे और यश पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनका शव मिल परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
इंजीनियर की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने कंपनी के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इंजीनियर की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।





















