अयोध्या। दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच अयोध्या में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने करीब 125 दुर्गा पूजा समितियों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के देवकाली इलाके में दुर्गा प्रतिमाएं बना रहा मूर्तिकार उत्तम पाल कथित तौर पर एडवांस रकम लेकर अपनी टीम के साथ शनिवार देर रात फरार हो गया। रविवार को इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों के लोग मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर भारी बल तैनात कर दिया और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तम पाल के पास अयोध्या शहर, ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य जनपदों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाएं बनाने का ऑर्डर था। पूजा समितियों ने प्रतिमाओं की बुकिंग के लिए उसे एडवांस रकम भी दी थी। ऐसे में मूर्तिकार के अचानक गायब होने से समितियों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। पूजा का समय नजदीक होने के कारण लोगों को चिंता सता रही है कि आखिर उनकी प्रतिमाएं समय पर कैसे तैयार होंगी।
मामले में एक और बात सामने आई है। प्रतिमाओं को तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए गए बांस का करीब दो लाख रुपये का भुगतान भी बकाया बताया जा रहा है। घटनास्थल पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर रात करीब दो बजे के बाद उत्तम पाल अपनी टीम के साथ वहां से जाता हुआ दिखाई दे रहा है। मूर्तिकार के जाने के बाद वहां बनाई जा रही सभी दुर्गा प्रतिमाएं अधूरी रह गई हैं। इससे पूजा समितियों की तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्गा पूजा समितियों के लोगों ने पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल की स्थिति पर नजर रखे हुए है। मूर्तिकार के अचानक गायब होने और एडवांस रकम के मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर समितियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं।





















