लखनऊ में शिवसेना (यूबीटी) उत्तर प्रदेश ने संगठन को मंडल स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न मंडलों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। शिवसेना (यूबीटी) उत्तर प्रदेश के सचिव विश्वजीत सिंह ने बताया कि सभी पदाधिकारी अपने मौजूदा दायित्वों के साथ संबंधित मंडल का कार्यभार भी संभालेंगे। इस पहल का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाना है।
विश्वजीत सिंह के मुताबिक, लखनऊ मंडल की जिम्मेदारी प्रदेश उपप्रमुख संजय द्विवेदी को दी गई है। कानपुर मंडल में प्रदेश महासचिव आनंद विक्रम सिंह, मेरठ में प्रदेश उपप्रमुख जयराम बंसल, अयोध्या में प्रदेश उपप्रमुख संतराम यादव, अलीगढ़ में प्रदेश सचिव अवधेश शर्मा और आगरा मंडल में प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, आजमगढ़ मंडल की जिम्मेदारी प्रदेश सचिव राजेश सिंह, बरेली की प्रदेश उपप्रमुख महेश आहूजा और बस्ती मंडल की प्रदेश सचिव संजय प्रधान को सौंपी गई है।
इसी क्रम में चित्रकूट मंडल में प्रदेश उपप्रमुख रतन ब्रह्मचारी, देवीपाटन मंडल में प्रदेश महासचिव मनोज कुमार उर्फ विद्रोही, गोरखपुर में प्रदेश महासचिव अनिरुद्ध त्रिपाठी और झांसी मंडल में प्रदेश उपप्रमुख संजीव तिवारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रयागराज मंडल का दायित्व प्रदेश महासचिव प्रदीप मिश्रा, सहारनपुर का प्रदेश उपप्रमुख विपिन भटनागर, मुरादाबाद का प्रदेश महासचिव रविंद्र भारद्वाज (संघर्षी), मिर्जापुर का प्रदेश सचिव प्रदीप चौरसिया और वाराणसी मंडल का प्रभार प्रदेश सचिव विक्रम यादव को दिया गया है।
विश्वजीत सिंह ने बताया कि सभी मंडल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारियों के जरिए मंडल स्तर पर संगठन की गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकेगा।





















