सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक, डंपर और कंटेनर राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्कूटर इंडिया से पिपरसंड होते हुए लोनहां जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की कतार के साथ गिट्टी प्लांट से सड़क पर फैली गिट्टी ने दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण बाइक और स्कूटर सवारों के फिसलकर गिरने का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क के एक तरफ गिट्टी प्लांट से जुड़े भारी वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है, जबकि दूसरी तरफ से छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर जगह कम बचने के कारण आम वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि कई बार दोपहिया वाहन चालक सड़क पर बिखरी गिट्टी पर फिसलकर हादसे का शिकार हो चुके हैं। बीते पांच अप्रैल को हुए एक हादसे में लोनहां निवासी मीरा देवी की मौत भी हो गई थी। हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन ने सड़क पर झाड़ू लगवाकर सफाई कराई थी, लेकिन कुछ दिन बाद हालात फिर पहले जैसे हो गए।
रविवार को पिपरसंड-लोनहां मार्ग पर एक के पीछे एक भारी ट्रकों की कतार लगी देख ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने पीआरवी-112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। ग्रामीणों ने बताया कि भारी वाहनों के सड़क पर खड़े रहने से सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है और छोटे वाहन चालकों को मजबूरी में सड़क के कच्चे हिस्से की ओर उतरना पड़ता है। मौके पर पहुंचे हल्का इंचार्ज ने प्लांट मैनेजर को बुलाने को कहा, लेकिन कर्मचारियों ने मैनेजर के मौजूद नहीं होने की बात कही।
इस दौरान ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटवाया और जगह-जगह बने गड्ढों में मलबा डलवाकर उन्हें समतल कराया। ग्रामीणों ने ट्रक चालकों से भी सड़क के किनारे वाहन खड़ा न करने की अपील की। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की पार्किंग और सड़क पर फैली गिट्टी की समस्या का स्थायी समाधान होने से ही इस मार्ग पर हादसों का खतरा कम हो सकेगा।





















