श्रावस्ती। जिले में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को इकौना तहसील क्षेत्र के दो गांवों में जलभराव के बीच फंसे 14 लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों के साथ उनके पशुओं को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर बचाव अभियान चलाया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मझौवा सुमाल गांव में किसान हनुमान मौर्य खेत की रखवाली करने गए थे, जहां जलभराव के कारण वह फंस गए। वहीं, मध्यनगर गांव में दो परिवारों के 13 लोग पानी के बीच फंसे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू करने का निर्णय लिया।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने आपदा विशेषज्ञ अरुण मिश्रा को एसडीआरएफ की दो टीमें तत्काल घटनास्थल पर भेजने और सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए। मौके पर पहुंची टीमों ने सफलतापूर्वक सभी 14 नागरिकों को बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बचाव अभियान के दौरान पशुओं को भी सुरक्षित निकाला गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी इकौना रावेन्द्र कुमार और तहसीलदार इकौना मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बचाव कार्य की निगरानी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग किया। सुरक्षित निकाले गए नागरिकों ने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के जवानों का आभार जताया। प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ को देखते हुए जिले में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।





















