सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित सिंह के रूप में हुई है। वह मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़हा, ढेमा के निवासी बताए जा रहे हैं और इन दिनों अपनी ससुराल पतजूपहाड़पुर (नवाबाद) में आए हुए थे।
परिजनों के अनुसार अंकित सिंह शाम को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान एक तालाब में उनका शव उतराता हुआ मिला। परिजनों ने शव की पहचान अंकित सिंह के रूप में की।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय उपनिरीक्षक ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















