मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की हत्या का एक और मामला सामने आया है। लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में 27 वर्षीय महिला इलमा पर अपने प्रेमी अमन के साथ मिलकर पति तालिब (30) की हत्या करने का आरोप है। आरोप है कि हत्या के बाद इलमा ने परिजनों को पति की मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई और शव को दफना दिया गया। बाद में शव पर चोट के निशान मिलने और मोबाइल से बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 सितंबर की रात की बताई जा रही है। तालिब पेशे से राजमिस्त्री था और उसकी शादी करीब चार साल पहले इलमा से हुई थी। दंपती की तीन साल की एक बेटी भी है।
परिजनों के मुताबिक, 28 सितंबर की रात करीब आठ बजे पड़ोसी इनाम ने घर पहुंचकर तालिब की मौत की सूचना दी। इलमा ने बताया कि तालिब की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। इसके बाद परिजन शव को मुजफ्फरनगर ले गए और 29 सितंबर को उसे दफना दिया।
शव दफनाते समय परिजनों की नजर तालिब की गर्दन समेत शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशानों पर पड़ी। इससे उन्हें मौत के कारण पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने इलमा से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली। परिजनों ने उसके कथित कबूलनामे का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। इसके अलावा मोबाइल फोन में इलमा और अमन के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मिलने की बात भी सामने आई है।
मामले में तालिब के चचेरे भाई अकरम अली की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इलमा और उसके कथित प्रेमी अमन की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह, घटनाक्रम और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।





















