बहराइच के मिहींपुरवा में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को एसडीएम मिहींपुरवा एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
एसडीएम ने बीएलओ को वर्तमान मतदाता सूची का पूर्व की निर्वाचक नामावलियों से मिलान करने के निर्देश दिए। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है। चिन्हित मतदाताओं के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा।
अभियान के तहत प्रत्येक बीएलओ को एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। घर-घर भ्रमण के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रथम बार के युवा मतदाताओं को भी चिन्हित कर उनका फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। तुलनात्मक सूची में प्रत्येक चिन्हित मतदाता की वर्तमान स्थिति और फॉर्म-6 भरवाए गए लोगों का विवरण दर्ज किया जाएगा। यह सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा की जाएगी।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने रैन बसेरों, श्रमिक कॉलोनियों, आश्रयहीन और मुख्यधारा से अलग रह रहे पात्र लोगों को भी मतदाता सूची से जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों से अभियान को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने को कहा, ताकि मतदाता सूची में पात्र लोगों का नाम शामिल करने के साथ ही सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।





















