शाहजहांपुर के हनुमत धाम परिसर में उड़ान एक उम्मीद संस्था ने डॉक्टर श्रॉफ चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया। शिविर में 200 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 130 मरीजों का विस्तृत नेत्र परीक्षण हुआ, जबकि 70 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिह्नित किया गया। इनमें से 40 मरीजों को ट्रस्ट की बस से मोहम्मदी स्थित अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है, जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
शिविर में चिह्नित बाकी मरीजों को भी निर्धारित तिथियों पर अस्पताल ले जाकर ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने पर मरीजों को वापस हनुमत धाम लाया जाएगा। संस्था की ओर से मरीजों के लिए भोजन और आवास की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इलाज के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
संस्था की अध्यक्ष नीलम गुप्ता ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उड़ान एक उम्मीद संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसी क्रम में समय-समय पर विभिन्न बीमारियों से संबंधित निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर श्रॉफ चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से हर साल मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों के निःशुल्क ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाते हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर में लगाए गए शिविर में 85 मरीजों का सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया था।
शिविर में डॉ. सूफी, डॉ. अमित राठौड़, समीर अली, राधा तिवारी, पारुल देवी, राशी वर्मा, नित्या मिश्रा, गौरी कुमारी, अंजली वर्मा, रिचा, चाँद, वानू, शिवानी, तनु वर्मा, विमल कुमार, वी.सी. बिपिन पांडे और प्रोग्राम ऑफिसर जनमान्य अवस्थी सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे। संस्था की सचिव रेखा मोदी, सह सचिव सोनिया गुप्ता और रश्मि गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीति गुप्ता तथा हनुमत धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था ने चिकित्सकों और डॉक्टर श्रॉफ चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करते रहने की बात कही।





















