शाहजहांपुर स्थित आर्य महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं के अंग्रेजी भाषा ज्ञान और व्याकरण संबंधी दक्षता को बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राचार्य प्रो. सुरचना त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य अंग्रेजी व्याकरण की समझ विकसित करने के साथ छात्राओं की तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में अंग्रेजी व्याकरण के विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। इनमें टेंस, पार्ट्स ऑफ स्पीच, आर्टिकल्स, प्रीपोजिशन्स, एक्टिव एंड पैसिव वॉइस, डायरेक्ट एंड इनडायरेक्ट स्पीच तथा सब्जेक्ट-वर्ब एग्रीमेंट शामिल रहे। छात्राओं ने प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी विषयगत समझ और भाषायी दक्षता का प्रदर्शन किया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें व्याकरण के नियमों को बेहतर ढंग से समझने, अपनी गलतियों को पहचानने और शुद्ध अंग्रेजी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता में शुभी मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि श्रीयम गुप्ता दूसरे और दुर्गा पांडेय तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता ने छात्राओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उनके ज्ञान को बढ़ाने में भी भूमिका निभाई। प्राचार्य प्रो. सुरचना त्रिवेदी ने इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन और अभ्यास के जरिए अपने भाषा कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संयोजन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. रानू दुबे ने किया, जबकि संचालन सुश्री शिवांगी सिंह चौहान ने किया। प्रतियोगिता ज्ञानवर्धक और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं।





















