मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के जरिए सरकार जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया। इसमें कन्या के बैंक खाते में सीधे 64 हजार रुपये, विवाह के बाद उपहार एवं सामग्री के लिए 21 हजार रुपये और विवाह आयोजन पर 15 हजार रुपये शामिल हैं। इस सहायता से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च में राहत मिलती है और नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत में सहयोग मिलता है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंद परिवारों के सम्मान और बेटियों के बेहतर भविष्य से जुड़ी पहल है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी परिवार की खुशियां अधूरी न रहें, इसी उद्देश्य से सरकार सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ गृहस्थ जीवन आगे बढ़ाने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा महानगर महामंत्री शिवेन्द्र सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को संबल देने के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुख, शांति और समृद्धि से भरे जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला सह मीडिया प्रभारी जय प्रकाश श्रीवास्तव, राजेश पाण्डेय, शोभा राम वर्मा, सुरेश तिवारी, अजय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय और पूरा बाजार के खंड विकास अधिकारी अनुराग सिंह सहित क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के परिजन मौजूद रहे।





















