चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से 11 गोवंश बरामद किए। इनमें चार गोवंशों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरी पिकअप में सात गोवंश मिले। इस वाहन का चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धरौली चौकी के पास नवही रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पिकअप संख्या UP65QT8715 को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें चार गोवंश मिले। पुलिस ने मौके से मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र के मगरहा गांव निवासी लुकमान अली (30) और रामबाबू (20) को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, रात में गश्त के दौरान नौबतपुर तिराहे के पास पुलिस ने एक अन्य पिकअप को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस को सामने देखकर चालक ने कुछ दूरी पहले ही वाहन खड़ा कर दिया और मौके से भाग निकला। तलाशी लेने पर पिकअप संख्या UP65JT5203 से सात गोवंश बरामद हुए। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार चालक की तलाश में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल पंकज कुमार, गुलशन कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार राय और रंजय कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















