सतर्कता जागरूकता सप्ताह
पीडीडीयू नगर। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत गुरुवार को गया जंक्शन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर के सतर्कता विभाग की टीम ने दोनों स्टेशनों पर ‘रहे सदा सतर्क’ नाटक का मंचन कर रेल यात्रियों और आमजन को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
गया जंक्शन पर दोपहर में सिटी साइड के पोर्टिको क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जबकि शाम को डीडीयू जंक्शन के यात्री परिसर में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से लोगों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता अपनाने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने बताया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए जरूरी है कि लोग अपने दैनिक कार्यों और व्यवहार में नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता दें तथा भ्रष्टाचार के किसी भी रूप को बढ़ावा न दें।
पूर्व मध्य रेल में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व को रेखांकित करना तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलकर्मी और यात्री मौजूद रहे।





















