607 यात्री पकड़े गए; रेलवे को 4.92 लाख रुपये का राजस्व
71 रेलकर्मियों की टीम ने चार प्रमुख स्टेशनों पर चलाया सघन जांच अभियान, बिना टिकट और अनियमित यात्रा के मामले पकड़े
पीडीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में गुरुवार को बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ किलेबंदी कर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 607 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़े गए। इनसे रेलवे को कुल 4,92,385 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
मंडल रेल प्रशासन की ओर से चलाए गए इस अभियान के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, सासाराम और डेहरी ऑन सोन स्टेशनों पर यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 71 रेलकर्मियों की टीम तैनात की गई थी। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों के साथ-साथ अनियमित टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के मामले भी पकड़े गए।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें। बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने से बचें और रेल नियमों का पालन करें।
रेल प्रशासन के अनुसार, यात्री अपनी सुविधा के अनुसार आरक्षण एवं अनारक्षित टिकट काउंटर, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम), आईआरसीटीसी की वेबसाइट और रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट लेना सुनिश्चित करने की अपील की है।





















