डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान शुरू
श्रावस्ती में 1 से 30 नवंबर तक चलेगा राष्ट्रीय अभियान, कोषागार या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकेंगे प्रमाण-पत्र
श्रावस्ती, 29 अक्टूबर। शासन के निर्देश पर पेंशनरों के लिए एक से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान संचालित किया जाएगा। इसके तहत श्रावस्ती कोषागार के सभी पेंशनरों से अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा करने की अपील की गई है।
वरिष्ठ कोषाधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि शासन की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके क्रम में कोषागार श्रावस्ती के समस्त पेंशनर अपना जीवित प्रमाण-पत्र अथवा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कोषागार या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन प्रेषित कर सकते हैं।
उन्होंने सभी पेंशनरों से निर्धारित अवधि के भीतर प्रमाण-पत्र जमा करने और राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।





















