24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
डीएम ने विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश, आपात स्थिति में 1077 और 262100 नंबर पर करें संपर्क
चंदौली। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, जलभराव, तेज हवाओं या अन्य आपदा की सूचना देने के लिए टोल-फ्री नंबर 1077 अथवा 262100 पर संपर्क करें।
जिलाधिकारी ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संभावित आपदा से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
आपदा नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की पालीवार तैनाती की गई है, ताकि किसी भी क्षेत्र से प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का उद्देश्य संभावित आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाना और जन-धन की हानि को कम करना है।
डीएम ने नागरिकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं





















