बरामद खेप की कीमत करीब 20 लाख रुपये
चंदौली। अलीनगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने 60 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मिर्जापुर की ओर से आ रही सफेद रंग की अर्टिगा कार (यूपी 44 बीएल 9326) को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर चालक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया और बाबतपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर कार को रोक लिया। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस वाहनों में भी टक्कर मारने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।
कार की डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए 60 बंडलों में कुल 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिषेक सिंह निवासी बहोरपुर, दोस्तपुर, सुल्तानपुर, अवधेश निवासी सिरसिया, दुबौलिया और नौशाद निवासी संग्रामपुर, छावनी, जिला बस्ती के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए गांजा लाते थे। इसके बाद सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभिषेक सिंह के खिलाफ सुल्तानपुर जिले के विभिन्न थानों में पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपितों के पास से मोबाइल फोन और 850 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 और बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी आशीष कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















