जिले में बनाए गए 42 क्रय केंद्र, कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित
श्रावस्ती। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में एक नवंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होगी। खरीद प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए जिले में कुल 42 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों को धान बिक्री के 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने के बाद भुगतान के लिए इंतजार न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।





















