बलुआ थाने के मिशन शक्ति केंद्र में हुई काउंसिलिंग, आपसी सहमति से सुलझाया पारिवारिक विवाद
चंदौली। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत बलुआ थाना पुलिस ने काउंसिलिंग के जरिए दो टूटते परिवारों को फिर से जोड़ने में सफलता हासिल की है। पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रहे दोनों दंपती पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद पुरानी गलतियों को भुलाकर नए सिरे से साथ रहने को राजी हो गए।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में पतियों और परिजनों के खिलाफ पारिवारिक विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बलुआ थाने के मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाकर काउंसिलिंग की। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं और उन्हें पारिवारिक रिश्तों के महत्व, आपसी समझदारी तथा सामंजस्य के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया।
काफी प्रयास के बाद दोनों दंपतियों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों दंपतियों को उनके परिजनों के साथ खुशी-खुशी घर भेज दिया।





















