युवाओं ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन से किया योजना का शुभारंभ, आईटीआई और पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों ने देखा कार्यक्रम
चंदौली। रेवसा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के सभागार में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वाह्न 10:30 बजे लखनऊ के लोक भवन स्थित सभागार से योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान जिले के आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने लाइव प्रसारण के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार के क्षेत्र में संचालित योजना के उद्देश्यों और महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर पीओ डूडा राजेश उपाध्याय, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद यादव, राजकीय आईटीआई रेवसा के तिलक, सहायक आयुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। सभी ने देश की एकता और सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित रखने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और उनके योगदान से स्थापित राष्ट्रीय एकता की भावना को बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।





















