151वीं जयंती पर वैभव कृष्ण ने किया माल्यार्पण, राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प
वाराणसी। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने कार्यालय के शाखा प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के एकीकरण में दिए गए योगदान और उनके दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया गया। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से उनके आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र की एकता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।





















