डीआरएम उदय सिंह मीना के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता, अखंडता व सुरक्षा की शपथ
पीडीडीयू नगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना के नेतृत्व में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद रन फॉर यूनिटी के तहत एकता दौड़ का आयोजन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में सुबह 9:30 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में डीआरएम सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इसके बाद डीआरएम ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। दौड़ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू होकर डीडीयू जंक्शन होते हुए रेलवे यूरोपियन कॉलोनी स्थित खेल मैदान तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य और खिलाड़ी शामिल हुए।
दौड़ के समापन पर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम उदय सिंह मीना ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही देश को एकजुट कर अखंड राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके विचारों और कार्यों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से एकता दौड़ आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि हमारा देश एक और अखंड है। इसकी अखंडता एवं संप्रभुता को और मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल देश का अभिन्न अंग है और डीडीयू मंडल भी रेलवे की विभिन्न गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देश की प्रगति में मंडल का योगदान आगे भी जारी रहेगा।





















