147 क्रय केंद्र बनाए गए
2441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य, फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण के आधार पर होगी खरीद
चंदौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से धान खरीद के लिए जिले में कुल 147 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर दो नवंबर से खरीद शुरू होगी। धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सफाई और छनाई के मद में किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिए जाएंगे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी क्रय केंद्रों पर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक धान की खरीद की जाएगी। ब्लॉकवार केंद्रों की बात करें तो बरहनी में सर्वाधिक 32 केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा चकिया में 23, चंदौली सदर में 22, सकलडीहा में 18, धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियामताबाद में सात और नौगढ़ में छह क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनका संचालन खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति के माध्यम से किया जाएगा। खरीद प्रक्रिया की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है।
इस वर्ष धान खरीद में फार्मर रजिस्ट्री को विशेष महत्व दिया गया है। किसानों से मुख्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही धान खरीदा जाएगा। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। जिन किसानों की रजिस्ट्री में सभी गाटे दर्ज नहीं हैं, उन्हें समय रहते उन्हें जुड़वाने की सलाह दी गई है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि खरीद ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। किसान संबंधित क्रय केंद्र पर फार्मर रजिस्ट्री अथवा पंजीकरण का विवरण देकर धान बिक्री के लिए अपना क्रम दर्ज करा सकते हैं। एक नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण खरीद संबंधी यह प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू होगी। उन्होंने किसानों से नजदीकी क्रय केंद्र पर संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि खरीद में अनियमितता या लापरवाही मिलने पर केंद्र प्रभारी के साथ संबंधित संस्था के जिला प्रबंधक भी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





















