4500 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
एक दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना, मोबाइल ऐप से जुटाए जाएंगे आंकड़े; पहली बार स्व-गणना की भी मिलेगी सुविधा
चंदौली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत शनिवार को जिले की पांचों तहसीलों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारियों के मार्गदर्शन में संबंधित चार्ज अधिकारियों ने प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभाली। जिले में करीब 4500 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
जनगणना के दूसरे चरण में प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे। इसके लिए एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक एकत्रित आंकड़ों के पुनरीक्षण का कार्य होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और सुपरवाइजरों को गणना की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने की जानकारी दी जा रही है।
इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। आंकड़ों का संकलन मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी मिलेगी। इसके तहत लोग स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। जनगणना के दौरान परिवार के सदस्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए प्रशिक्षण में कर्मचारियों को प्रक्रिया की बारीकियों और उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है।





















