ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी का डीएम ने किया निरीक्षण
वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा और 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी के निर्देश, अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
चंदौली। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि एफएलसी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अग्निशमन यंत्रों को क्रियाशील रखने और बैरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एफएलसी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है। मशीनों की तकनीकी जांच इंजीनियरों की टीम कर रही है। इस दौरान जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल की प्रक्रिया भी कराई गई है। उन्होंने कहा कि एफएलसी के जरिए मशीनों की कार्यक्षमता और तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। यह आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, संबंधित अधिकारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





















